सूडान में एक सिरेमिक फैक्ट्री परिसर में हुए विस्फोट में 18 भारतीयों समेत 23 लोगों की मौत हो गई। 130 से अधिक घायल हो गए। हालांकि, शव इतनी बुरी तरह जल गए कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। विस्फोट मंगलवार शाम खार्तून के बाहरी इलाके में हुआ। सूडान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को यह जानकारी दी। इससे पहले मंगलवार को दूतावास ने हादसे में 16 भारतीयों के लापता होने की जानकारी दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक फैक्ट्री में विस्फोटक सामान असुरक्षित ढंग से रखा गया था, जिस वजह से तेजी से आग फैली। फैक्ट्री में सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे। सूडान सरकार ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान में परेशानी
दूतावास ने कहा- कुछ लापता नागरिक भी मृतकों की सूची में शामिल हो सकते हैं। 7 भारतीय अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 4 की स्थिति गंभीर है। 34 भारतीय नागरिक सही सलामत हैं। सभी को सलूमी सिरेमिक फैक्ट्री में रखा गया है।